रात को बूंदाबांदी, दिन में चलीं बर्फीली बयार
शनिवार को मौसम और खराब हो गया। रात को बूंदाबांदी के बाद सुबह आसमान पर बादलों का डेरा होने से सूरज नहीं निकले। मध्यम गति से चली बयार शरीर को चुभती रहीं तो कोहरा साफ करने में मददगार भी बनीं। दोपहर को आसमान साफ होने के बाद धूप निकलने से नागरिकों को कुछ राहत जरूर मिली।
जासं, मैनपुरी : शनिवार को मौसम और खराब हो गया। रात को बूंदाबांदी के बाद सुबह आसमान पर बादलों का डेरा होने से सूरज नहीं निकले। मध्यम गति से चली बयार शरीर को चुभती रहीं तो कोहरा साफ करने में मददगार भी बनीं। दोपहर को आसमान साफ होने के बाद धूप निकलने से नागरिकों को कुछ राहत जरूर मिली।
रात को शहर और जिले में बूंदाबांदी होने से मौसम और सर्द हो गया। मध्यम गति तक बरसी बारिश से गेहूं फसल को कुछ फायदा जरूर हुआ। सुबह कोहरा के साथ आसमान पर बादलों के डेरा जमाने से सूरज नहीं निकले तो गलन और ठिठुरन का मिजाज और तीखा हो गया। इसी दौरान मध्यम गति से चलनी वाली बयार से कोहरा साफ हो गया, लेकिन इससे ठंड का असर और तीखा हो गया। बर्फीली बयार शरीर को भेदती रही।
मौसम कुछ सुधरता, उससे पहले आसमान पर बादल छा गए। सूरज भी बादलों में छिपे रहे। सुबह दस बजे के बाद बयार और तेज हुई तो आसमान पर जमे बादल हटे तो सूरज दिखाई देने लगे। कुछ समय में ही दोबारा से बादल छा गए तो धूप गायब हो गई। ऐसा क्रम दोपहर एक बजे के बाद तक चला। इसके बाद मौसम साफ हाने से धूप निकल आई, जो शाम तक नागरिकों को राहत देती रही।
वहीं, मौसम के ऐसे मिजाज से तापमान भी बीते दिनों के मुकाबले ऊपर-नीचे हुआ। यह न्यूनतम 11.2 और अधिकतम 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, अभी मौसम साफ होने की संभावना कम ही नजर आ रही है। तापमान और गिर सकता है। आलू हो सकता है महंगा
बारिश की वजह से गेहूं और अन्य फसलों को एक सिचाई के लायक पानी मिलने से किसानों को लाभ मिल गया। वहीं, मिट्टी के गीला होने से वर्तमान में चल रही कच्चे आलू की खुदाई प्रभावित होने से इसे महंगे होने की संभावना है। बिछवां निवासी किसान राधेलाल ने बताया कि अभी खोदाई होने से आलू के साथ मिट्टी चिपककर आएगी, जिससे भाव कम मिलेगा। पहले से खोदे गए आलू को अब दो-चार दिन ठीक भाव मिल जाएगा।
कीचड़ हो गई राहों पर
बूंदाबांदी से शहर और कस्बों में राहों पर कीचड़ हो गई। इससे पैदल निकलने में परेशानी हुई। मंडी में कीचड़ ज्यादा होने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। सब्जी-फल मंडी में तो दल-दल सा नजर आ रहा था। वहीं, कई स्थानों पर जलभराव भी दिखा।
चलेगी शीतलहर, रहें सावधान
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इसलिए नागरिक अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतें। वृद्ध और बच्चों का खास ख्याल रखें।