जागरण आपके द्वार नालियां बनीं न दूर हुई जलभराव की समस्या
समस्याओं से जूझ रहे मुहल्ला अग्रवाल के वाशिंदे खंभों पर नहीं जलती लाइटें प्लाटों में भर रहा पानी नींव कमजोर होने का सता रहा लोगों को डर।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। नगर पालिका का वार्ड नंबर चार, मुहल्ला अग्रवाल पालिका प्रशासन की अनदेखी का शिकार है। कई सभासद बदले लेकिन वार्ड के हालातों में बदलाव न हुआ। जर्जर सड़कें और टूटी नालियां लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद मरम्मत की सुनवाई नहीं हुई। लोग परेशान हैं। प्लाटों में जलभराव की समस्या इस कदर बढ़ चुकी है कि मकानों की नींव पर खतरा मडराने लगा है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार पानी की निकासी के इंतजाम नहीं करा रहे हैं और न ही नालियों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में गंदा पानी प्लाटों में भर रहा है। नहीं हैं कूडे़दान, कहां फेंकें गंदगी
पूरे वार्ड में एक भी कूड़ादान नहीं है। ऐसे में लोगों को या तो प्लाटों में कचरा फेंकना पड़ रहा है या फिर सड़कों के किनारे खाली जगह पर। स्थिति यह है कि गंदगी के ढेर लगे हैं। समय पर सफाई कर्मी द्वारा कचरे का उठान न करने से बेसहारा जानवर कूडे़ के ढेर को जहां-तहां फैला रहे हैं। बोले लोग
सीवर लाइन डालने को सड़क खोदी गई थी। मेनहोल के ढक्कन लगाकर छोड़ दी गई। सीवर चोक होने के कारण मेनहोल से गंदा पानी निकलता है। पूरी गली के लोग परेशान हैं। कोई सुनने को तैयार नहीं है।
लाखन सिंह। नालियां टूट गई हैं। बारिश का पानी टूटी नालियों से प्लाटों में भरता है। अब तो जो मकान बने हैं, उनकी नींव भी जर्जर होने लगी है। कई बार शिकायतें कीं लेकिन आज तक जलनिकासी के इंतजाम न हुए।
अमन। पूरे वार्ड में एक भी कूड़ादान नहीं है। सफाई कर्मचारी समय पर आते नहीं। अब ऐसे में मुहल्ले के लोग आखिर कहां कचरा फेंकें। सड़क किनारे खाली जगह पर फेंकते हैं तो बेसहारा जानवर गंदगी फैलाते हैं।
राजू। प्लाटों में वर्षों से गंदा पानी भरा है। जिसमें मच्छर पनप रहे हैं। दिन ढलते ही मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है। अगर, जल निकासी हो जाए और दवा छिड़काव कराई जाए तो राहत मिल सकती है।
मंगल सिंह। बोर्ड में कई सड़कों के साथ नाली निर्माण और जल निकासी का प्रस्ताव रखा गया है। आदर्श आचार संहिता की वजह से प्रस्ताव रुका हुआ है। पास होते ही निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
तेज प्रताप, सभासद।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप