बेहतर सुविधाओं के लिए जिला अस्पताल के कर्मचारी सम्मानित
2019-20 में कायाकल्प सर्वे में जिला अस्पताल को पुरस्कार मिला था। इसके लिए लगातार अछा कार्य करने पर स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान किया।
जासं, मैनपुरी: कायाकल्प अवार्ड योजना के लिए जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने दिन-रात एक किया। नतीजा जिला अस्पताल को पुरस्कार भी मिला। अब भी अस्पताल में बेहतर व्यवस्थाओं का संचालन हो रहा है। इसी के चलते शुक्रवार को जिला अस्पताल प्रशासन ने इन कर्मियों का हौसला बढ़ाने के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सभी कर्मियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर उनका आभार जताया।
अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार के लिए शासन स्तर से कायाकल्प अवार्ड योजना का संचालन कराया जा रहा है। वर्ष 2019-20 में शासन की टीम द्वारा जिला अस्पताल का सर्वे किया गया था। विभिन्न प्वाइंट पर अस्पताल की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का मिलान किया गया था। घोषणा हुई तो अस्पताल को भी बेहतर पाया गया। शासन ने बतौर पुरस्कार जिला अस्पताल को तीन लाख रुपये की धनराशि प्रदान कराई थी।
अस्पताल प्रशासन ने इस बेहतर व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने वालों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन कराया। एसीएमओ डा. जीपी शुक्ला ने कहा कि कोई भी व्यवस्था सामूहिक सहयोग से ही चलती है। अस्पताल के स्टाफ ने इसे साबित ही नहीं किया है, बल्कि काम करने का तरीका भी सिखाया है। सीएमएस डा. आरके सागर ने कहा कि यह व्यवस्था इसी प्रकार चलती रहे, इसके लिए हम सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। मनमुटाव दूर करके सिर्फ व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम करना होगा।
इससे पूर्व नर्सिंग स्टाफ, सफाईकर्मियों, वार्ड ब्वाय आदि को उनकी मेहनत के लिए प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अस्पताल प्रबंधक वरुणा पूनम, प्रभारी अधिकारी फार्मेसी ऋषि प्रकाश यादव, वरिष्ठ लिपिक आरके वर्मा, डा. आर सिंह के अलावा नर्सिंग स्टाफ में साजिद, सोनू, मनोरमा, अंजली आदि उपस्थित थे।