शीत लहर से लुढ़का पारा, ठिठुरते रहे लोग
मौसम विभाग ने शनिवार सबसे ठंडा रहने की चेतावनी सुबह बादलों ने रोकी सूरज की चाल दिन में रही गलन
जासं, मैनपुरी: मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार जिले के लिए सबसे ठंडा रहा। इसके लिए चेतावनी भी जारी की गई थी। सर्द हवा की वजह से न्यूनतम पारा लुढ़क कर 4.5 डिग्री सेल्सियस पर नजर आया, जबकि दोपहर को धूप खिलने से अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस पर नजर आया।
पहाड़ों से मैदानी इलाकों में प्रवेश कर रही सर्द हवा ने मौसम को ठंडा कर दिया। गलन और ठिठुरन हर कोई परेशान है। चार दिन से बढ़ती जा रही ठंड के चलते तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हो रही है। दो दिन में अधिकतम तापमान में चार और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। शनिवार को भी नागरिकों को गलन का सामना करना पड़ा। सुबह बीते दिन के मुकाबले कोहरा तो कम था, हवा चलने से यह दूर हुआ तो नागरिकों को धूप निकलने की उम्मीद भी बंधी, लेकिन इसी बीच आसमान पर छाए बादलों ने इसे पूरा नहीं होने दिया। सुबह नौ बजे तक मौसम ऐसा ही बना रहा। इसके बाद बादल कुछ हटे तो सूरज दिखाई देने लगे, लेकिन एक बजे तक बादल और धूप के बीच लुकाछिपी होती रही। इसके बाद बादल पूरी तरह साफ हो गए तो धूप निकलने से सभी ने राहत ली।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, 15 जनवरी इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है। अब 18 जनवरी तक एक बार फिर हल्की बारिश भी हो सकती है। ऐसे में किसान खेतों की सिचाई से कुछ दिन दूरी बनाकर रखें। आलू को झुलसा से बचाने को उपाय करें।