आधी रात को एल-2 पहुंचे सीएमओ, मरीजों से की बात
मैनपुरी जागरण संवाददाता मरीजों की कुशल क्षेम पूछने के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सीएमओ आधी रात अचानक कोविड एल-2 आइसोलेशन वार्ड पहुंचे।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता: मरीजों की कुशल क्षेम पूछने के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सीएमओ आधी रात को अचानक कोविड एल-2 आइसोलेशन वार्ड जा पहुंचे। यहां मरीजों से हालातों की जानकारी जुटाने के साथ उन्होंने सुविधाओं की भी परख की।
शहर के जिला महिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिग को एल-2 आइसोलेशन अस्पताल बनाया गया है। यहां दर्जन भर मरीज भर्ती हैं। गुरूवार आधी रात सीएमओ डॉ. एके पांडेय, एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनिल यादव और डॉ. राज विक्रम के साथ अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से एक-एक कर बात की। मरीजों को गेट पर लाकर ही रोक दिया गया। आइसोलेशन सेंटर में मिलने वाली सुविधाओं के अलावा भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं पर भी बात की।
ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ भी बात कर रिकॉर्ड देखे। हिदायत देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान टीम के सदस्य आपस में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही रहेंगे। यहां कैंपस में सामान्य आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित है। लिहाजा, ड्यूटी के बाद घर जाने वाले कर्मचारी भी अपना ध्यान रखें। उन्होंने मरीजों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने अथवा जरूरत महसूस होने पर वे ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से अथवा सीधे स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।