Move to Jagran APP

194 दावेदारों की किस्मत मतपेटिकाओं में सील

पंचायत उप चुनाव के दौरान जिले में 51 मतदान केंद्रों पर शनिवार को जमक

By JagranEdited By: Published: Sun, 13 Jun 2021 06:02 AM (IST)Updated: Sun, 13 Jun 2021 06:02 AM (IST)
194 दावेदारों की किस्मत मतपेटिकाओं में सील
194 दावेदारों की किस्मत मतपेटिकाओं में सील

जागरण टीम, मैनपुरी: पंचायत उप चुनाव के दौरान जिले में 51 मतदान केंद्रों पर शनिवार को जमकर वोट डाले गए। इसी के साथ दो प्रधान, एक बीडीसी और 191 ग्राम सभा सदस्यों के दावेदारों की किस्मत मतपेटिकाओं में बंद हो गई। अब 14 जून को ब्लाक मुख्यालयों पर होने वाली मतगणना से प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा।

loksabha election banner

जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव परिणाम जारी होने के बाद 302 ग्राम पंचायतों के 3076 सदस्य नहीं चुने गए थे। इस वजह से यहां के प्रधान शपथ भी नहीं ले पाए। परिणाम जारी और शपथ लेने तक घिरोर के नसीरपुर और कुरावली के नगला ऊसर के नवनिर्वाचित प्रधानों के अलावा तीन बीडीसी और एक ग्राम सदस्य की मौत हो गई। उप चुनाव के नामांकन के दौरान मैनपुरी और जागीर में खाली बीडीसी पद पर निर्विरोध चुनाव हो जाने के बाद मैदान में 191 ग्राम सभा सदस्य पद, प्रधान के दो पद और एक बीडीसी के लिए शनिवार को मतदान हुआ। उप चुनाव के सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटिकाओं को ब्लाकों में जमा कराया गया। -

मौसम के साथ बढ़ता रहा मतदान-

वैसे तो मतदान केंद्रों पर उप चुनाव में वोट डालने को मतदाताओं का उत्साह सुबह से ही नजर आया, लेकिन मौसम खुशगवार होने से मतदान का फीसद लगातार बढ़ता रहा। सुबह नौ बजे तक सभी 51 मतदान केंद्रों पर 11.43 फीसद मतदाताओ ने वोट डाले। जबकि 11 बजे यह आंकड़ा 32.14 फीसद पर जा पहुंचा। जो दोपहर एक बजे 44.16 फीसद पर जा पहुंचा। तीन बजे यह 55.69 पर था, पांच बजे 62.32 और मतदान समाप्ति तक यह फीसद 65.03 जा पहुंचा। मतदान के मामले में करहल ब्लाक आगे रहा।

अधिकारियों ने देखे इंतजाम-

पंचायत उप चुनाव का माहौल और इंतजाम परखने के लिए डीएम महेंद्र बहादुर और एसपी अशोक कुमार राय ने पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों का दौरा किया। कुरावली के नगला ऊसर में मतदाताओं और अधीनस्थों से जानकारी ली। सीडीओ ईशा प्रिया भी मतदान पर निगाह लगाए रहीं। वैसे इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर शांति बनी रही।

-

एक घंटे में हुआ मतदान-

करहल ब्लाक की ग्राम पंचायत कुतुबपुर बुजुर्ग में सदस्य पद के मतदान केंद्र पर चुनाव के सभी इंतजाम किए गए। कार्मिकों के अलावा सुरक्षा को पुलिस भी लगाई। यहां पहले ही एक एक घंटे में मतदान करा लिया गया। इस केंद्र पर केवल सात मतदाता ही थे। सुबह आठ बजे सौ फीसद मतदान होने के बाद कार्मिक आराम की मुद्रा में आ गए। वापसी के लिए अधिकारियों का इंतजार करते रहे।

-

कंट्रोल रूम से जुटाई जानकारी-

उप चुनाव से जुड़ी समस्याओं के निराकरण को विकास भवन में कंट्रोल रूम बनाया गया था। सहायक प्रभारी डीआरडीए के सहायक अभियंता कमल, डीपीएम अजय विक्रम और शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक गौरव रायजादा आदि 51 मतदान केंद्रों से जानकारी जुटाते रहे।

-

बनाए गए थे 51 मतदान केंद्र-

पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए छह ब्लाक में 51 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मैनपुरी में आठ, घिरोर में पांच, जागीर में छह, किशनी में 18 और करहल में पांच, कुरावली में नौ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने वोट डाले। चुनाव कराने के लिए 204 कार्मिक मतदान केंद्र भेजे गए, जबकि कई पार्टी रिजर्व में रखी गई।

--

मास्क और दूरी भूले मतदाता-

मतदान के उत्साह में मतदाता कोरोना बंदिशों को तिलांजलि देते रहे। मास्क तो कम ही मतदाताओं के चेहरे पर नजर आया। जबकि शारीरिक दूरी का पालन नहीं हुआ। महिलाओं ने घूंघट की ओट में जमकर मतदान किया।

-

इन ब्लाक में हूआ मतदान-

घिरोर में प्रधान, बीडीसी और ग्राम सभा सदस्य, कुरावली में प्रधान और ग्राम सदस्य पद को मतदान हुआ। इसके अलावा करहल, किशनी, जागीर और मैनपुरी ब्लाक में ग्राम सदस्य पद के लिए मतदान हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.