हर चेहरे पर मास्क के लिए पुलिस टीमें गठित
जागरण संवाददाता महोबा मास्क लगा कर लोगों को पहले हिदायत दी जा रही है। जिनके चेहरे पर
जागरण संवाददाता, महोबा: मास्क लगा कर लोगों को पहले हिदायत दी जा रही है। जिनके चेहरे पर मास्क नहीं है उन पर जुर्माना नहीं बल्कि उन्हें मास्क का वितरण किया जा रहा है। यह अभियान चलाने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। इसमें महिला सशक्तीकरण अभियान के तहत लगी महिला पुलिस को भी जोड़ा गया है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क और शारीरिक दूरी बहुत जरूरी है। इसके प्रति लोग अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे लोगों को शासन के सख्त निर्देश हैं कि जुर्माना लगाया जाए। जिले में पुलिस लोगों को जुर्माना लगाने से पहले मास्क वितरित कर उन्हें उसे लगाने की हिदायत दे रही है। इसके बाद भी यदि लोग नहीं सुधरे तो सख्ती की जाएगी। एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में टीमें गठित कर मजदूर वर्ग, रोज कमाने खाने वाले छोटे पटरी दुकानदार, टेंपो व रिक्शा चालक आदि को मास्क बांटा जा रहा है। इन्हें नियमों का पालन करने को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। एंटी रोमियो टीम प्रभारी रचना सिंह स्वयं टीम के साथ सुबह गश्त कर लोगों को मास्क वितरित कर रही हैं। बस स्टाप पर बाहर से आने वाली व जाने वाली सवारियों को मास्क का वितरण किया। उन्हें सचेत किया कि मास्क का हरदम प्रयोग करें। शारीरिक दूरी का पालन करें। खुले में पीक न करें।