हमारे चरित्र को दर्शाता है पुलिस का ध्वज
जासं महोबा जिले भर में पुलिस ने झंडा दिवस मनाया। पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह व एएसपी आरके गौतम
जासं, महोबा : जिले भर में पुलिस ने झंडा दिवस मनाया। पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह व एएसपी आरके गौतम ने क्रमश: पुलिस लाइन व पुलिस कार्यालय में झंडा फहरा कर गार्द की सलामी ली गई। इसके बाद डीजीपी का संदेश पढ़कर पुलिस कर्मियों को सुनाया गया।
एसपी ने बताया कि आज का दिन उप्र पुलिस बल के लिए बहुत ही गौरवशाली व ऐतिहासिक दिन है। कहानियां व्यक्तित्व को स्थापित करती हैं तथा इतिहास एक संगठन को बनाता है। आज ही के दिन 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर (ध्वज) प्रदान किया था। यह ध्वज जहां हमारे चरित्र को दर्शाता है वहीं हमारे गौरवशाली इतिहास का प्रतीक भी है। जिससे हमने देश सेवा एवं लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य व कर्तव्य परायणता से अप्रतिम योगदान दिया है। यह ध्वज हमारे लिए प्रेरणादायी है। इस ध्वज के फहराने मात्र से हम सभी में एक नई ऊर्जा का संचार होता है। जिले के सभी थानों, चौकियों में पुलिस झंडा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस कर्मियों की ओर से आपस में झंडा दिवस का स्टीकर लगाकर खुशियां मनाई गईं।