संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
जागरण संवाददाता महोबा मुख्यालय के बजरिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गइ
जागरण संवाददाता, महोबा: मुख्यालय के बजरिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। विवाहिता के पिता और भाई ने हत्या का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी सोमदत्त मिश्रा ने अपने पुत्री 30 वर्षीय वर्षा की शादी 21 जून 2010 को बजरिया निवासी राखीराम त्रिपाठी के पुत्र उमेश त्रिपाठी से की थी। शादी में दान दहेज भी दिया था। पिता, भाई दिनेश, आशीष ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर शादी के एक साल बाद वर्षा को प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार भाई और पिता वर्षा के घर आकर पति को समझाया बुझाया। लेकिन पति नहीं माना और मारपीट करने लगा। ससुरालीजन बाइक और नकदी की मांग करते थे। वर्षा के पिता ने बताया कि दो माह पहले बाइक भी दे दी थी. इसके बाद भी बाद भी वह नहीं माने। 5 अप्रैल को वर्षा ने अपने पिता को फोन पर बताया कि उसको ससुरालीजनों ने मारापीटा है। वर्षा के दो पुत्री और एक पुत्र है। बड़ी पुत्री खुशी ने बताया कि रात को मम्मी पापा का झगड़ा हो रहा था। पापा ने बच्चों को बाहर निकाल दिया और अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर मम्मी को मारा पीटा। वर्षा के भाई आशीष ने बताया कि मंगलवार को पति ने फोन किया कि वर्षा की तबीयत खराब है। रात को ही अस्पताल आकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। आरोप लगाया कि पति व अन्य ससुरालीजनों ने उसकी बहन को बेरहमी से पीटा और फांसी पर लटका दिया। मौत होने के बाद जिला अस्पताल ले आए। पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर ससुरालियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।