गुड मार्निंग! कैसे हैं आप, कोई समस्या तो नहीं
जागरण संवाददाता महोबा गुड मार्निंग! कैसे हैं आप। कोई समस्या तो नहीं है आपको..। पुलिस
जागरण संवाददाता, महोबा : गुड मार्निंग! कैसे हैं आप। कोई समस्या तो नहीं है आपको..। पुलिस कर्मियों की जुबां से यह शब्द सुनकर लोग चौंक जाते हैं। दारोगाजी का यह बदला रूप लोगों को खूब भा रहा है। पुलिसकर्मी भी मित्रवत पेश आ रहे हैं। कुछ ऐसी ही तस्वीर सुबह देखने को मिल रही है।
सुबह सार्वजनिक स्थानों पर टहलने जाने वाले लोगों से जुड़ने के लिए पुलिस विभाग की ओर से गुड मार्निंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत उनसे उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा जा रहा है। एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इसका उद्देश्य पुलिस की छवि को पुलिस मित्र के रूप में बढ़ावा देना है। पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद की कमी को दूर करने के लिए यह लंबा रास्ता तय कर सकता है और इससे पुलिस की छवि में सुधार होगा। एएसपी आरके गौतम के पर्यवेक्षण में यह नई पहल की जा रही है। अब पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से मुलाकात करेगी और उनकी खैरियत पूछेगी। साथ ही समस्याओं का निस्तारण भी किया जाएगा।