लहचूरा पर्यटन स्थल को विकसित कर झांसी-ओरछा सर्किट से जोड़ें : मुख्य सचिव
जागरण संवाददाता महोबा गुरुवार सुबह करीब 11.30 बजे झांसी से होकर कार से अपने गृह जनपद

जागरण संवाददाता, महोबा: गुरुवार सुबह करीब 11.30 बजे झांसी से होकर कार से अपने गृह जनपद महोबा पहुंचे प्रदेश मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने सबसे पहले लहचूरा बांध से संचालित अर्जुन सहायक परियोजना का निरीक्षण किया। लहचूरा को देखकर उन्होंने कहा कि यहां पयर्टन स्थल को विकसित करते हुए झांसी-ओरछा सर्किट से इसे जोड़ा जाए। इससे पहले उनका मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी सुधा सिंह ने स्वागत किया।
लहचूरा में सबसे पहले मुख्य सचिव ने धसान मुख्य नहर को देखा। जिससे हमीरपुर व महोबा जनपद के किसानों को सिचाई की सुविधा मिलती है। उन्होंने कंट्रोल केबिन को देखा। अधीक्षण अभियंता सिचाई से अर्जुन सहायक परियोजना की जानकारी ली।
अर्जुन सहायक परियोजना से महोबा, बांदा व हमीरपुर जनपदों की 44381 हेक्टेयर जमीन सिचित होगी। रबी की फसल में 25418 हेक्टेयर एवं खरीफ की फसल में 18963 हेक्टेयर नए क्षेत्र में सिचाई सुविधा उपलब्ध होगी। डीएम ने मुख्य सचिव को इसकी विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने नहर प्रणाली के बारे पूछा। उन्होंने कंट्रोल केबिन की छत से लहचूरा डैम का विहंगम दृश्य भी देखा। इस जगह की सरहाना करते हुए कहा कि पर्यटन के लिहाज से यह बहुत ही उत्तम जगह है। इसको विकसित किया जाए। डीएम ने बताया कि इस जगह को पर्यटन हब बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने कहा कि लहचूरा पर्यटन स्थल को विकसित कर इसे झांसी- ओरछा पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाए। इस दौरान उन्होंने नमामि गंगे की निर्माणाधीन काशी पुरा पेयजल परियोजना का भी निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को यह निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता में विशेष ध्यान दिया जाए और कार्य समय पर पूर्ण हों। निरीक्षण के दौरान एसपी सुधा सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, अधीक्षण अभियंता सिचाई सर्वेश कुमार श्रीवास्तव, एक्सईएन मौदहा बांध विनय कुमार मौजूद रहे।
Edited By Jagran