बख्शे नहीं जाएंगे भ्रष्ट अधिकारी : प्रभारी मंत्री
जागरण संवाददाता महोबा किसी भी हालत में भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा
जागरण संवाददाता, महोबा : किसी भी हालत में भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्यमंत्री समाज कल्याण व जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। कुछ विभागों को भ्रष्ट बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसामान्य के साथ अच्छा व्यवहार करें। पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना।
सभागार में समीक्षा बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के साथ अलग से बैठक की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा, जिले के अधिकारी पार्टी कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनते हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जनहितार्थ पार्टी कार्यकर्ताओं की बात को गंभीरता से सुना जाए और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण भी किया जाए। कुछ विभागों द्वारा घूस, सुविधा शुल्क आदि लेकर कार्य किया जाता है, यह अत्यंत चिताजनक है। आरोप लगाया कि पुलिस और विद्युत आदि विभागों में अब भी भ्रष्टाचार व्याप्त है। यदि अधिकारी न संभले तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। कहा, आवासों के आवंटन में भी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रहीं हैं। प्रभारी मंत्री ने डीएम सत्येंद्र कुमार को निर्देश दिए कि भ्रष्ट अधिकारियों की जांच की जाए और दोषी होने पर कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव को कड़े निर्देश दिए कि पॉलीटेक्निक प्रकरण में कुछ निर्दोष लोगों पर कार्रवाई की गई है। विभागीय अधिकारी इसकी जांच की जाए और दोषी पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। विधायक सदर राकेश गोस्वामी, विधायक चरखारी ब्रजभूषण सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्षा ममता यादव, नगरपालिका चेयरमेन दिलाशा तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।