जिले में बनेगा सिटी फॉरेस्ट, मना सकेंगे पिकनिक
अभिषेक द्विवेदी महोबा सुबह शाम टहलने कहां जाए कोई ऐसा पार्क भी नहीं है। महिलाएं बच्च
अभिषेक द्विवेदी, महोबा :
सुबह शाम टहलने कहां जाए, कोई ऐसा पार्क भी नहीं है। महिलाएं बच्चों को कहां घुमाएं यह शहरवासियों के लिए बड़ी समस्या है। लेकिन अब जल्द ही लोगों की मुराद पूरी होने वाली है। शहरवासियों को सैर के लिए उचित स्थान मिल सके इसके लिए आबादी से सटे हुए भटीपुरा के 30 हेक्टेयर क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट तैयार कराया जा रहा है। यहां सैर सपाटे के साथ लोग पिकनिक मना सकें इसके भी इंतजाम होंगे। इसमें क्या कुछ होगा, कितना बजट लगेगा इसके लिए वन विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के लिए डीएम ने दिशा निर्देश दिए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
जिले में इको टूरिज्म को लेकर प्रयास तेज हो गए हैं। यहां हरियाली बढ़े और पर्यटन को लेकर लोग रुचि लें इसके लिए डीएम स्तर पर तैयारी हो रही है। महोबा के भटीपुरा के पास वन विभाग की 30 हेक्टेयर के आसपास भूमि है। यहां शहरवासियों के लिए सिटी फॉरेस्ट के तौर पर विकास कार्य होने हैं। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वन विभाग को इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। जल्द ही इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा। यह जिले के लोगों के लिए किसी सौगात से कम नहीं होगा। पहले घेराव होगा
30 हेक्टेयर क्षेत्र को पहले कवर किया जाएगा। किनारे-किनारे बाउंड्री वाल या बाड़ की व्यवस्था होगी। इससे क्षेत्र में कोई अतिक्रमण न कर सके। इसके बाद यहां प्रस्ताव के अनुसार काम कराया जाएगा। फूल-फलदार लगेंगे पौधे
क्षेत्र को हरा भरा और रोचक बनाने के लिए पौधारोपण होगा। इसमें फूल और फलदार पौधों को वरीयता दी जाएगी। यहां आने वाले लोग अपना सुकून भरा समय गुजार सकें इसके सारे इंतजाम होंगे। झूला और कुर्सी बनेंगी
इको पार्क में झूला और बैठने के लिए सीमेंट और स्टील की कुर्सी रखवाई जाएंगी। उप प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्र सिंह कहते हैं कि डीएम के निर्देशानुसार यहां काम जल्द ही चालू करना है। शहरवासियों को मनोरंजन का साधन उपलब्ध कराने को लेकर इस पार्क को सुंदर ढंग से सजाया जाएगा। रहेगी सुरक्षा
पार्क में बच्चे, महिलाएं सभी आएंगे तो उनकी सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्था होगी। इसके लिए पार्क के पास एक चौकी भी स्थापित होगी। वहां हर समय सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहेंगे और पार्क में भ्रमण भी करते हुए निगरानी रखेंगे।