चोरी के इरादे से आए दो आरोपितों को पकड़ा, पुलिस को सौंपा
जासं महोबा श्रीनगर के लुहेड़ी गांव निवासी हीरालाल के यहां रात के समय चार युवक चोरी क
जासं, महोबा : श्रीनगर के लुहेड़ी गांव निवासी हीरालाल के यहां रात के समय चार युवक चोरी के इरादे से घुस आए। घर वालों की नींद खुल जाने पर दो आरोपितों को घेर कर पकड़ लिया गया। रविवार को दोनों आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया।
हीरालाल दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा। बताया कि शनिवार की रात घर के लोग खाना खाकर सोने चले गए थे। तभी आधी रात के करीब कुछ लोग छत के रास्ते घर में घुस आए। कमरे का ताला तोड़ कर वहां बक्से में रखे 50000 नकदी चोरी कर ली। तभी आवाज सुन कर नींद खुली तो देखा कि कुछ लोग छत पर मौजूद हैं। आरोपितों ने आवाज सुन कर भागने की कोशिश की तभी दो युवकों के पैर में चोट लग गई तो वह भाग नहीं सके। आरोपित भान रैकवार, रोहित कुमार को दबोच लिया। तभी पड़ोस के लोग भी आ गए। युवक की पिटाई कर उनसे जानकारी की गई। उनके साथ आए दो आरोपित मौका देख कर भाग जाने में सफल रहे। तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों ने अपना पता भान सिंह रैकवार पुत्र धनीराम रैकवार, रोहित पुत्र रामकिशोर निवासीगण नई बस्ती कस्बा व थाना मऊरानीपुर जिला झांसी बताया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।