अखिलेश बोले-पहले एसपी से वसूली कराई फिर भगोड़ा घोषित किया
जागरण संवाददाता महोबा समाजवादी
जागरण संवाददाता, महोबा : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी मौत प्रकरण के बहाने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि ऐसा उदाहरण दुनिया में नहीं मिलेगा कि तत्कालीन निलंबित पुलिस कप्तान दोषी और फरार हो, लेकिन सरकार उसे पकड़ नहीं पा रही हो। उन्होंने आरोप लगाया कि एसपी से वसूली करवाई जा रही थी और बाद में उसे भगोड़ा घोषित किया गया। उन्होंने सपा और वर्तमान सरकार की तुलना करते हुए कहा कि इस बार सपा 400 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। वह गांधीनगर निवासी अपने मित्र गौतम शर्मा के पिता स्व.प्रेमनाथ शर्मा की त्रयोदशी में शामिल होने गुरुवार को महोबा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब सरकार में नहीं थे तब भी रथयात्रा लेकर महोबा आए थे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महोबा आल्हा-उदल का स्थान है और कन्नौज से इसका सदियों पुराना रिश्ता है। जनता ने साढ़े चार साल भाजपा सरकार देख ली है और सपा के पांच साल के काम भी उन्हें याद होंगे। सपा सरकार ने एंबुलेंस की सौगात दी थी। यूपी-112 नंबर जो पहले डायल-100 था, वह भी सपा सरकार की ही देन है। भाजपा की सरकार इन साढ़े चार सालों में एक भी एंबुलेंस व यूपी-112 वाहन नहीं बढ़ा पाई। सूखा पड़ने पर भी सपा सरकार ने ही सबसे ज्यादा मुआवजा दिया था।
सबसे ज्यादा किसान आत्महत्या कर रहे, मदद करेंगे परिवारों की
आज महोबा में ही सबसे ज्यादा किसान आत्महत्या कर रहा है। भाजपा ने उनके परिवार को एक रुपया नहीं दिया। आने वाले समय में सपा उनकी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहला सोलर पावर प्लांट महोबा में लगा था, अमेरिका और पंजाब के लोग यहां इन्वेस्ट करने आए थे। वह प्लांट आज भी चल रहे हैं, अभी तक भाजपा ने कोई सोलर प्लांट नहीं लगाया। जैसा एक्सप्रेस वे हमने बनाकर दिया, भाजपा कभी न बना पाएगी। इस सरकार में अन्ना पशुओं से मुक्ति नहीं मिली और महिलाओं-बच्चों के साथ घटनाएं बढ़ीं। इस सरकार में प्रति व्यक्ति की आय भी घटी है। उन्होंने डीजल पेट्रोल गैस के दामों को भी मुद्दा बनाकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दिवंगत के स्वजन गौतम शर्मा, सौरभ शर्मा, गौरव, पुनीता शर्मा, वत्सला व शोभना को सांत्वना दी। इस दौरान हमीरपुर कोआपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष प्रानसिंह यादव, पूर्व विधायक अंब्रेश कुमारी, जिला उपाध्यक्ष अमित यादव रुद्ध, युवजन सभा जिलाध्यक्ष आकाश शर्मा, चरखारी के महाराज जयराज सिंह, अंशू शिवहरे, मृत्युंजय, रामजीवन यादव, पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह मौजूद रहे।
(इनसेट ही लगाएं)
नरेंद्र गिरि प्रकरण में सीबीआइ के बजाय जज से जांच कराएं
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा साधु-संतों की हत्या हुई है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि मौत प्रकरण में उन्होंने सीबीआइ के बजाय जज से जांच कराने की मांग की।