गणतंत्र दिवस पर आल्हा ऊदल, गोरखगिरि की भी होगी भव्य झांकी
जागरण संवाददाता महोबा गणतंत्र दिवस पर इस बार भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। कोविड नियमों क
जागरण संवाददाता, महोबा: गणतंत्र दिवस पर इस बार भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। कोविड नियमों का पालन करने के साथ इसका आयोजन होगा। कीरत सागर स्थित आल्हा मंच से इनका शुभारंभ होगा और शहर की विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। इसमें मतदाताओं को भी जागरूक किया जाएगा। आल्हा-ऊदल और गोरखगिरि समेत अन्य सुरम्य स्थलों की मनमोहक झांकी होंगी।
इस बार जिले की प्रमुख झांकियां गणतंत्र दिवस के मौके पर निकाली जानी हैं। सीडीओ डा. हरिचरन सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं। गणतंत्र दिवस के दिन सुबह दस बजे से आल्हा मंच से विभिन्न प्रकार की झांकियां एकत्र होकर एक कतार में आगे की ओर प्रस्थान करेंगी। झांकियों में अपने अपने विभागों के फ्लैसी बोर्ड लगे होंगे। इस दौरान स्थानीय भाषा में गीत संगीत भी बजता रहेगा। झांकी में मतदाता जागरूकता, कोविड वैक्सीनेशन आदि के संबंध में जानकारी परक झांकी होगी। स्कूल कालेज के बच्चे कतार में चलेंगे। महोबा के प्राचीन इतिहास के संबंधित योद्धाओं, सुरम्य स्थलों, सूर्य मंदिर, कीरतसागर, मदनसागर, आल्हा-ऊदल, गोरखगिरि पहाड़ की भी झांकी होगी।