अस्पताल से बच्ची चोरी कर भाग रही महिला गिरफ्तार
शनिवार को बटईडीहा निवासी माया देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में भर्ती कराए। 10 बजे रात में महिला ने एक बची को जन्म दिया। कुछ देर बाद स्टाफ नर्स ने उन्हें वार्ड में स्थानांतरित कराया। इसी बीच लक्ष्मीपुर सीएचसी में बुर्का पहन जुबैदा खातून पहुंच गई।
महराजगंज: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर से शनिवार की रात नवजात बच्ची को लेकर भागने वाली महिला को पुलिस ने रविवार की दोपहर पुरंदरपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला की पहचान नेपाल के सोनबरसा निवासी जुबैदा खातून के रूप में हुई है। पुरंदरपुर क्षेत्र के विशुनपुर फुलवरिया में उसका मायका है। वह बच्ची को लेकर नेपाल भागने की फिराक में थी। इसके पूर्व ही उसे पुलिस ने दबोच लिया। बरामद बच्ची को उसकी मां माया देवी को सुपुर्द कर दिया गया है। बेटी मिलते ही मां खुशी से निहाल हो उठी।
शनिवार को बटईडीहा निवासी माया देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में भर्ती कराए। 10 बजे रात में महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। कुछ देर बाद स्टाफ नर्स ने उन्हें वार्ड में स्थानांतरित कराया। इसी बीच लक्ष्मीपुर सीएचसी में बुर्का पहन जुबैदा खातून पहुंच गई। उसने पहले वार्ड में भर्ती रोगियों और उनके स्वजन से तालमेल बनाया, फिर करीब 12 बजे नवजात बच्ची को लेकर फरार हो गईं। घटना के बाद हड़कंप मच गया। पूरी गतिविधि सीसी कैमरे में कैद थी, जिसके आधार पर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। रविवार की दोपहर में पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार ने भी अस्पताल के कर्मचारियों और स्वजन से वार्ता की। आरोपित की फोटो के आधार पर जांच करते हुए पुरंदरपुर पुलिस ने जुबैदा खातून को बच्ची के साथ पुरंदरपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। एसपी डा. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपित महिला बच्ची को नेपाल ले जाने की फिराक में थी। मामले में पूछताछ चल रही है। कोई संतान न होने पर उसने बच्ची चोरी की बात स्वीकार की है। चार घंटे तक अस्पताल में रही महिला
घटना को अंजाम देने से पहले महिला चार घंटे तक अस्पताल में रही। सीसी कैमरे फुटेज के मुताबिक महिला रात 8.05 बजे अस्पताल में प्रवेश की तो 8.43 बजे वह अपना बुर्का उतारकर झोले में रख लिया। करीब नौ बजे वह वार्ड में टहलने लगी और अस्पताल में भर्ती रोगियों और उनके स्वजन से बात करने लगी। अस्पताल में भर्ती मरीजों से उसने स्वयं को भी गर्भवती बताया। बच्ची को ले जाने से पहले आरोपित महिला ने उसे गोद में लेकर दुलारा। प्रसूता जब शौच के लिए गई तो आरोपित महिला बच्ची को लेकर फरार हो गई।