आंधी-पानी के साथ गिरे ओले, दुकानों में घुसा पानी, विद्युत आपूर्ति बाधित
विद्युत पोल गिरने से कलक्ट्रेट समेत कई स्थानों पर बाधित रही बिजली दुकानों में घुसा पानी
महराजगंज: जिले में रविवार सुबह नौ बजे के करीब मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में बादल घिर आए। तेज हवा के साथ करीब 45 मिनट तक जमकर वर्षा हुई। 10 मिनट तक ओले भी पड़े। इससे सड़कों पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। जो जहां था वहीं रुक गया। तेज हवा के चलते विद्युत पोल और तार गिरने कलक्ट्रेट समेत शहर के कई वार्डों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इस वर्षा से जिले में मेंथा की खेती के लिए जहां किसानों को राहत मिली तो वहीं सब्जियों और फलों की खेती को ओला पड़ने की वजह से काफी नुकसान भी हुआ है।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे के आसपास उत्तर दिशा की तरफ से बादलों ने घेर लिया और तेज आंधी के साथ जोर से वर्षा शुरू हो गई। बादलों के तेज गरजने के कारण लोग सहम उठे। इसके साथ ही बड़े-बड़े ओले भी पड़ने लगे। तेज आंधी की वजह से कलक्ट्रेट स्थित राममनोहर लोहिया ज्ञान पार्क के पास विद्युत पोल उखड़ गया और तार टूट गया। इसी क्रम में फरेंदा मार्ग पर एसबीआई और एचडीएफसी बैंक के पास भी दो विद्युत पोल गिर जाने से रविवार की दोपहर तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। परतावल, भिटौली, निचलौल सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी सायं चार बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। दुकानों में घुसा पानी, जगह-जगह जलजमाव
महराजगंज: रविवार की सुबह वर्षा होने की वजह से कई दुकानों में पानी घुस गया। यहां तक कि जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने की वजह से कई वार्डों में जलजमाव के साथ कोतवाली में भी पानी भर गया। फरेंदा मार्ग पर जलनिकासी की समस्या के चलते सर्विस लेन पर पानी लग गया। नगर पालिका की ओर से देर शाम तक दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों से पानी निकालने का कार्य जारी रहा। जिलाधिकारी आवास के बाहर पानी जमा होने के बाद नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने नाली बनाकर पानी निकाला। टमाटर सहित अन्य सब्जियों की फसल हुई नुकसान
महराजगंज: बारिश के साथ गिरे ओला की वजह से टमाटर सहित अन्य सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सब्जियों की खेती करने वाले सिंहपुर निवासी आशुतोष सिंह ने बताया कि ओला पड़ने से उनकी टमाटर की खेती को नुकसान हुआ है। सभी पौधे टूट गए। बैदौली के किसान सोनू कुशवाहा, वृद्धिचंद मौर्य ने बताया कि अन्य सब्जियों की खेती समेत आम की खेती को भी काफी नुकसान हुआ है।