निचलौल को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा
2020-21 के लिए इसका चयन हुआ है इसके तहत यहां पर विकास कार्य तेजी के साथ हो सकेंगे तथा चयनित नगर पंचायत में शासन द्वारा मानक से अधिक धन का आवंटन होने से विकास कार्य तेजी के साथ हो सकेंगे।
महराजगंज: निचलौल नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा शासन स्तर से प्राप्त हुआ है। 2020-21 के लिए इसका चयन हुआ है इसके तहत यहां पर विकास कार्य तेजी के साथ हो सकेंगे तथा चयनित नगर पंचायत में शासन द्वारा मानक से अधिक धन का आवंटन होने से विकास कार्य तेजी के साथ हो सकेंगे। निचलौल नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल ने पहल की थी। शासन स्तर पर इसका पहल होने से निचलौल को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त हुआ है। आदर्श नगर पंचायत बनने के बाद जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार ने निचलौल के नगर अध्यक्ष विश्वनाथ मद्धेशिया व अधिशासी अधिकारी देवेंद्र मणि त्रिपाठी को बधाई दी है।
आदर्श नगर पंचायत बनने से यह होगा लाभ
निचलौल नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिलने से यहां पर कई प्रकार के जनउपयोगी कार्य हो सकेंगे। चयनित नगर पंचायत में न्यूनतम आवश्यकता एवं अधिकतम जन उपयोगी सुविधाओं के अंतर्गत कार्यों को सम्मिलित करते हुए डीपीआर शासन को भेजा जाएगा। जिसके उपरांत वहां से अतिरिक्त धन निर्गत किया जाएगा। नगर पंचायत में एक अनुभवी टाउन प्लानर की नियुक्ति की जाएगी, जिसकी नियुक्ति जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा किया जाएगा। चयनित नगर पंचायत में वित्त एवं पोषण शत-प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल ने बताया कि निचलौल कस्बा अति प्राचीन कस्बा है। इसके विकास के लिए आदर्श नगर पंचायत का दर्जा शासन स्तर से मिला है। निचलौल को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए शासन स्तर पर पहल करने के बाद इसको दर्जा मिला है जिसके लिए मुख्यमंत्री जी को आभार प्रकट करता हूं। नगर पंचायत अध्यक्ष विश्वनाथ मद्धेशिया ने कहा कि निचलौल को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर यहां पर विकास के कार्य और तेजी के साथ हो सकेंगे जिससे जनता के उम्मीद को बेहतर तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगा। यह बेहद प्रसन्नता और खुशी का विषय है।