मजबूत संगठन ही सफलता का आधार
प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को महराजगंज जिले के मुंडेरा खुर्द व सरडीहा में संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
महराजगंज: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि मजबूत संगठन ही सफलता का आधार है। संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता गांव में जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ें। कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करें।
प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को महराजगंज जिले के मुंडेरा खुर्द व सरडीहा में संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जनता परेशान है। आए दिन लूट, हत्या, डकैती, दुष्कर्म की घटनाएं इसका प्रमाण है कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। इस देश व प्रदेश में जो विकास दिख रहा है वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की देन हैं। आज भाजपा सरकार किसानों के हितों पर कुठाराघात करते हुए पूंजीपतियों के हाथों में खेल रही है। कृषि सुधार कानून इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार को किसानों की कोई चिता नहीं है। आज देश भर के किसान कृषि सुधार कानून को वापस लेने के लिए सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी पीड़ा सुनने की चिता किसी को नहीं है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आधारित दल है। कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर पार्टी के संगठन का विस्तार करें। केद्र व प्रदेश की सरकार सभी मुद्दों पर विफल साबित हो रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता वीरेंद्र चौधरी, आलोक प्रसाद, विश्वविजय सिंह , जिलाध्यक्ष अवनीश पाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गड़ौरा चीनी मिल चलवाने का वादा किया पूरा
निचलौल ब्लाक के ग्राम बैठवालिया स्थित सरस्वती शिशु ज्ञान मंदिर में मंगलवार को किसानों ने धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रेमसागर पटेल रहे। विधायक ने कहा कि गन्ना किसानों से किया हुआ वादा पूरा किया हूं। तमाम बाधाओं के बाद भी जेएचवी चीनी मिल गड़ौरा को चलाने के लिए किया गया प्रयास सफल रहा। दो दिसंबर को मिल का डोंगा पूजन कर इस सत्र का शुभारंभ करूंगा। इस दौरान नृपेंद्र विक्रम सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, अभय मित्र पांडेय, उमाशंकर पाल, फागुनेश मोदनवाल, अर्जुन कुशवाहा, मोहम्मद फारुख शेख, रणजीत सिंह, विजय तिवारी, आदि मौजूद रहे।