सोहगीबरवा व पथलहवा एसएसबी कैंप में घुसा बाढ़ का पानी
जलस्तर बढ़ने से दुश्वार हुआ ग्रामीणों का जीवन-यापन
महराजगंज: नारायणी नदी के बढ़े जलस्तर के चलते ग्रामीणों की दुश्वारी दिनों दिन बढ़ती जा रही है। जिले के सोहगीबरवा, भोथहा व शिकारपुर गांवों में बाढ़ का पानी घुस जाने से ग्रामीण परेशान हैं। गांव के चारों तरफ पानी होने के कारण उनका बाहरी संपर्क कट गया है। इधर पश्चिमी तट पर पथलहवा एसएसबी कैंप में पानी भर जाने से एसएसबी जवानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ आने की सूचना पर पहुंचे एनडीआरएफ के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है।
एनडीआरएफ की टीम गांवों के लोगों को राहत सामग्री बांटने के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगी है। सोहगीबरवा के बाबू टोला, नवका टोला, दवनहवा, भोथहा टोला में हर घर में पानी भरा है। जिसके कारण लोग छतों पर अथवा ऊंचे स्थान पर शरण लिए हैं। कई परिवारों के लोग घर में ही मचान पर बैठकर भूखे प्यासे रात बिता रहे हैं। ग्रामीण शम्भू यादव, भूटिया, लोरिक यादव, रंजन यादव, प्रभुनाथ प्रसाद, प्रमोद कुशवाहा, महेंद्र पटेल, रामनाथ, रामदुलारे साहनी, मुनीब साहनी आदि ने बताया कि सभी लोगों के घर में कमर तक पानी बह रहा है। खाने पीने की बहुत दिक्कत है। उपजिलाधिकारी निचलौल अभय कुमार गुप्ता ने कहा कि ग्रामीणों की सहायता के लिए राजस्व व विकास विभाग के लोगों को निर्देशित किया गया है। उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।