बस की कमी से यात्रियों को परेशानी
डग्गामार बसों में धक्का मुक्की -डिपो में घंटों परेशान हो रहे यात्री
महराजगंज:
महराजगंज डिपो से बस संचालन व्यवस्था बेपटरी होने के कारण यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। डिपो के बाहर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिसकी वजह से रोजाना राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं डग्गामार बसों की लाटरी जैसे लग गई है। डिपो के बाहर प्राइवेट बस खड़ी होते ही सवारियों से भर जा रही है। बस में धक्का मुक्की की स्थिति पैदा हो जा रही है।
रविवार दोपहर डिपो पर यात्रियों की भीड़ रही। गोरखपुर, निचलौल, फरेंदा रोड पर यात्रा करने वाले बसों के इंतजार में घंटों खड़े रहे। उन्हें इधर उधर भटकना पड़ा। निगम की जो बस डिपो में पहुंचती, उसमें पैर रखने की जगह तक नहीं होती। डिपो में बस नहीं होने से यात्री प्राइवेट बसों की ओर रुख करने लगे।
डग्गामार बसें जैसे ही डिपो के बाहर पहुंचती, उसमें बैठने के लिए धक्कामुक्की शुरू हो जाती। यह स्थिति शाम तक रही, अपने गंतव्य तक जाने के लिए यात्री परेशान रहे। ठंड की वजह से बसों का संचालन काफी प्रभावित हुई। कई चालक ड्यूटी पर नहीं हुई। जिसकी वजह से बसों का पहिया थम गया।
डिपो के अधिकारी जुगाड़कर गोरखपुर-निचलौल सहित अन्य रूटों पर संचालन व्यवस्था ठीक करने में जुटे रहे। प्रभारी एआरएम गिरिजेश पांडेय ने कहा कि डिपो के पास बस पर्याप्त है। चालक की संख्या कम होने के कारण संचालन में परेशानी हो रही है। समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।