सड़क व नाली ध्वस्त, बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति
नागरिक पानी खरीदकर पीते हैं या निजी हैंडपंप ही एक विकल्प है। जगह-जगह नाली व सड़क जर्जर हालत में दिखाई दे रही है। सफाई न होने से नाली घास फूस से पट गई है। सोलर लाइट में बैट्री नहीं होने के कारण बेजान पड़े हुए हैं।
महराजगंज:
आदर्श नगर पालिका सरोजनी नगर वार्ड नं 15 में नागरिक नगरीय जनसुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को विवश हैं। वार्ड में सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। जहां जलकल वाटर सप्लाई नहीं हुई है, इंडिया मार्क हैंडपंप बेमतलब साबित हो रहे हैं।
नागरिक पानी खरीदकर पीते हैं या निजी हैंडपंप ही एक विकल्प है। जगह-जगह नाली व सड़क जर्जर हालत में दिखाई दे रही है। सफाई न होने से नाली घास फूस से पट गई है। सोलर लाइट में बैट्री नहीं होने के कारण बेजान पड़े हुए हैं। इसके अलावा पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है। विद्युत पोल के अभाव में दर्जनों उपभोक्ता बांस बल्ली के सहारे तारों की सप्लाई ले गए हैं।
--
कुल मतदाता- 1540
महिला मतदाता- 695
पुरूष मतदाता- 845
-------- विद्युत पोल के अभाव में आधी आबादी खतरे के बीच जीवन यापन कर रही है। बांस बल्ली से तार की सप्लाई घरों तक ले जाई गई हैं। कई जगह कटे-फटे तारों के मकड़जाल से कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती हैं।
सोनू चौधरी
--- वार्ड में सड़कों की हालत खराब है। हल्की सी बारिश में गड्ढों में पानी भर जाता है। दोयम दर्जे के इंटरलाकिग ईंट जगह जगह टूटकर ध्वस्त बिखरे पड़े हैं। जिससे नागरिकों को काफी असुविधा होती है।
राजेश गुप्ता
---- कहने को है आदर्श नगर पालिका, लेकिन सुविधाएं गांव से भी बदतर हैं। सड़क के कुछ हिस्सों में जलकल सप्लाई पहुंची है, लेकिन गलियों में उसका विस्तार नहीं होने से नागरिक पेयजल संकट से जूझते रहते हैं।
श्रीकांत श्रीवास्तव
---- महीनों बीत जाते हैं, लेकिन नालियों की सफाई नहीं कराई गई। जिससे वह जाम से कूड़े कचड़े से भरी हुई है। वहीं कुछ स्थानों पर घास फूस उगने से नालियों का अस्तित्व ही समाप्त होता दिखाई दे रहा है।
कन्हैया जायसवाल
----
वार्ड में नागरिकों की समस्त सुविधाओं का ध्यान रखा जाता है। जलकल वाटर सप्लाई व विद्युत पोल के लिए उच्चाधिकारियों से अवगत करा दिया गया है। जल्द समस्याओं का निस्तारण हो जाएगा।
बबिता मौर्य, सभासद