ऐतिहासिक होगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली
पीएम को सुनने के लिए महराजगंज जिले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गोरखपुर जाएंगे।
महराजगंज: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली ऐतिहासिक होगी। पीएम को सुनने के लिए महराजगंज जिले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गोरखपुर जाएंगे। उनकी रैली को लेकर स्थानीय जनता में भी उत्साह है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री सोमवार को नौतनवा विधानासभा के मोहनापुर, लक्ष्मीपुर व नौतनवा में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास के पथ पर अग्रसर है। जब से भाजपा की सरकार बनी है, उत्तर प्रदेश में भी ऐतिहासिक कार्य हो रहें हैं। निश्चित रूप से पुन: जनता भाजपा के पक्ष में जनादेश देकर पुन: प्रदेश में कमल खिलाएगी।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बने खाद कारखाना व एम्स का लाभ महराजगंज की जनता को मिलेगा। अब लोगों को गंभीर बीमारियों का इलाज कराने के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। खाद कारखाना भी इस क्षेत्र के विकास व रोजगार सृजन के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
बैठक को पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जिला पंचायात अध्यक्ष रवि कांत पटेल, जिला महामंत्री ऋषि त्रिपाठी व पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। लाल चन्द्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, राजेश्वर चौहान, रामसेवक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
महराजगंज : सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरोजनी नगर वार्ड में संयुक्त रूप से झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अपनाने से न सिर्फ व्यक्ति स्वस्थ होता है, बल्कि शहर भी स्वच्छ रहता है। इसके पूर्व सभी ने वार्ड स्थित डा. भीमराव आंबेडकर पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि जागरूकता सृजन और स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से स्वच्छता सुविधाओं को बढ़ावा मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई के प्रति लोगों में जागरूकता फैली है। स्वच्छ भारत योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य जीवन स्तर में सुधार होगा। कहा कि स्वच्छता अपनाने से व्यक्ति रोग मुक्त रहता है, और एक स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
स्वच्छ जीवन के लिए स्वच्छता का विशेष महत्व है। कार्यक्रम को प्राक्कलन समिति सभापति ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष परदेसी रविदास ने भी संबोधित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, जिला महामंत्री ऋषि त्रिपाठी, नपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, ,ओम प्रकाश पटेल, राघवेंद्र मिश्र, अमरनाथ पटेल, अजय कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र लोहिया, राकेश अग्रहरी आदि मौजूद रहे।