प्रधानमंत्री ने सभी वर्गो का किया विकास
जन्मदिन के अवसर पर भाजपा मना रही सेवा सप्ताह
महराजगंज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान और फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिसवा के जहदा में भाजपा नेता अरुणेश शुक्ला ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधान संजय श्रीवास्तव, बबलू गौतम, अजय प्रजापति, शिवेंद्र श्रीवास्तव आदि कई लोग उपस्थित रहे।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधु पांडेय के नेतृत्व में जिला अस्पताल व नगर के प्राइवेट अस्पताल में भाजपाइयों ने मरीजों को फल व आवश्यक सामान वितरित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकासवादी सोच के है। इन्होंने सभी वर्गो का विकास किया है। उनके जन्मदिन के अवसर पर पार्टी ने सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया है। ऐसे में 21 सितंबर तक अनेकों सेवा के कार्य प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जयसवाल, भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री विजया पाठक, गौतम तिवारी, दिनेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
आनंदनगर कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के जिला महामंत्री ऋषि त्रिपाठी ने फरेन्दा में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अवसर पर मुकेश राय, संतोष मिश्र, राकेश, भवानी सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
नौतनवा कार्यालय के अनुसार हियुवा जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडेय कैंप कार्यालय पर पीएम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया, इस दौरान लोगों में मिठाई वितरित किया। वहीं चेयरमैन गुड्डू खान के आवास पर केक काटकर उत्सव मनाया और मास्क वितरित किया। इसी तरह नगर पालिका के गौतमबुद्ध नगर वार्ड में नामित सभासद अजय सिंह के आवास पर पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया।
निचलौल कार्यालय के अनुसार तहसील चौराहा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी का 70वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान अनुराग द्विवेदी, सुरेश चंद मद्धेशिया, विनोद गौड़, रमेन्द्र सिंह, विजय तिवारी आदि मौजूद रहे।
मिठौरा बाजार संवाददाता के अनुसार मंडल अध्यक्ष मिठौरा दीपक कुमार पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ग्राम बरोहियां में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया और लोगों को भी स्वच्छता के लिए जागरूक किया। इसके बाद लोगों को फल वितरण किया गया। इस दौरान संतमुनि त्रिपाठी, नर्वदेश्वर उपाध्याय, ओमप्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।