सरहद पर पुलिस व एसएसबी ने बढ़ाई सख्ती
दोनों देशों की सुरक्षा एजेसियों ने आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।
महराजगंज : भारत-नेपाल सीमा कोरोना संक्रमण की वजह से बीते सात माह से सील है। इस दौरान स्थानीय प्रशासन की पहल पर केवल अतिआवश्यक कार्यो के लिए ही ढील दी गई है। इसका फायदा उठाकर कुछ महिला तस्कर चोरी छुपे सीमा के आरपार जाने की फिराक में लगी रहती हैं। इस पर रोकथाम लगाने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेसियों ने आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। सीमा के दोनों तरफ पैदल आवागमन पर रोक की भनक लगते ही अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। बताया यह भी जाता है कि कुछ नेपाली महिला तस्कर लोगों की आवाजाही का लाभ उठाते हुए कुछ अवैध सामान नेपाल पहुंचाने का प्रयास कर रही थी। जिसे एसएसबी की महिला जवानों ने विफल कर दिया। इससे नाराज महिला तस्करों ने नेपाली सीमा में खूब हंगामा किया। इस कारण अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने मामले को शांत कराया। इंस्पेक्टर बेलहिया ईश्वरी अधिकारी और चौकी प्रभारी सोनौली अशोक कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सीमा सील है। ऐसे में कुछ लोग विभिन्न तरह का बहाना बनाकर अनावश्यक रूप से आवागमन कर रहे थे। ऐसे लोगों को जांच पड़ताल के बाद रोका जा रहा है।