महेंद्र नगर वार्ड में समस्याओं की भरमार
विवेक चौरसिया का कहना है कि वार्ड में कूड़ा निस्तारण के लिए सुनिश्चित व्यवस्था नहीं है। इसलिए कचरे से नालियां जाम हो गई और उसका पानी सड़क पर पसरा रहता है। रोहित जायसवाल कहते हैं कि वार्ड में इंटरलाकिग सड़क टूटने से आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं।
महराजगंज: नगर पालिका परिषद नौतनवा वार्ड नंबर 13 महेंद्र नगर में समस्याओं की भरमार है। जहां इंटरलॉकिग सड़क व नालियां जगह-जगह टूटी हैं। पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने से वार्डवासियों को चोर उचक्कों भय बना रहता है। सफाई कर्मी समय से झाड़ू नहीं लगाते हैं। वार्ड में कूड़ा करकट का उठान न होने से उसका ढेर लगा रहता है। जिससे उठती दुर्गंध से आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि तमाम शिकायतों के बाद भी नपा प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।
विवेक चौरसिया का कहना है कि वार्ड में कूड़ा निस्तारण के लिए सुनिश्चित व्यवस्था नहीं है। इसलिए कचरे से नालियां जाम हो गई और उसका पानी सड़क पर पसरा रहता है।
रोहित जायसवाल कहते हैं कि वार्ड में इंटरलाकिग सड़क टूटने से आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर प्रशासन से शिकायत की गई है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
श्याम कुमार का कहना है कि सफाई कर्मी यदा कदा ही आते हैं। कूड़ा निस्तारण न होने से उसका ढेर-जगह-जगह लगा रहता है और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव वर्षों से नहीं कराया गया।
ईशु ने बताया कि वार्ड में लगी स्ट्रीट लाइट खराब दशा में पड़ी हैं। जिससे लोगों को अंधेरे से होकर घर पहुंचना कष्टदायी हो गया है और चोरी का भी खतरा बना रहता है।
ईओ वीरेंद्र कुमार राव का कहना है कि महेंद्र नगर वार्ड में साफ सफाई के लिए निर्देश दिए गए है। टूटी सड़कों का मरम्मत शीघ्र ही करवा दिया जाएगा।