व्यवसायियों के हित के खिलाफ है ऑनलाइन व्यापार
व्यापार के खिलाफ भारत बंद कर आंदोलन करेंगे व्यापारी
महराजगंज: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल ने व्यापारी एकता का आह्वान करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया । ऑनलाइन व्यापार का विरोध जताते हुए कहा कि ऑनलाइन ट्रैंडिग व्यापारियों के लिए जहर साबित हो रही है। अगर जरूरत पड़ी तो इसके विरोध में व्यापार मंडल भारत बंद का भी आह्वान करेगा। बैठक में व्यापारियों की मांग के अनुसार जिला मुख्यालय पर मंडी की स्थापना, जिला मुख्यालय को रेलवे से जोड़ने का प्रयास, इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में महराजगंज को विकसित किए जाने का प्रस्ताव व व्यापारियों को बैंकों से ऋण मिलने में होने वाली परेशानियों के निराकरण कराए जाने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल के ही प्रयासों की देन है कि सरकार ने अब व्यापारियों को भी पेंशन देने वाली योजना की शुरूआत की है। अभी यह राशि तीन हजार रुपये है, लेकिन आनेवाले दिनों में इसे व्यापार मंडल 50 हजार रुपये तक पहुंचाने का प्रयास है।
जिलाध्यक्ष विजय कुमार जायसवाल ने प्रांतीय अध्यक्ष को जिले के व्यापारियों की समस्याएं उठाई। इस दौरान बैठक में विशिष्ट अतिथि मुखलाल प्रसाद जायसवाल, हरिराम सिंहानिया, प्रांतीय संयुक्त मंत्री सीताराम अग्रहरि, फूलचंद्र अग्रवाल,विवेक गुप्ता, चंद्रशेखर जायसवाल आदि लोग मौजूद रहे। सदस्य बनाना नगर अध्यक्षों की जिम्मेदारी: उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि सदस्य ही संगठन की रीढ़ होते हैं। ऐसे में सदस्यता अभियान को जोरों पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस बार नगर पंचायतों के लिए 51, नगर पालिका के लिए 101 व्यापारियों की सदस्यता करानी नगर अध्यक्षों की जिम्मेदारी है। इस बार होने वाली सदस्यता तीन वर्षों की होगी।