कई बीमारियों को ठीक करती है प्राकृतिक चिकित्सा
भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष विध्यवासिनी सिंह ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय से भोजन समय से जागना और सोना तथा योग बहुत आवश्यक है।
महराजगंज: वर्तमान की व्यस्तता की दौर में लोग अनियमित जीवनशैली के कारण कई प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इन सभी बीमारियों को ठीक करने के लिए प्राकृतिक चिकित्सा बहुत ही सरल और सुलभ उपचार है।
यह बातें प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर पंचतत्व प्राकृतिक चिकित्सालय सरडीहा में आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष विध्यवासिनी सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय से भोजन, समय से जागना और सोना तथा योग बहुत आवश्यक है। जिला आयुष अधिकारी राघवेंद्र मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से 18 नवंबर को प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के रूप में मनाया जाता है। डा. उषा उपाध्याय ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा प्रणाली, चिकित्सा की एक रचनात्मक प्रणाली है। जिसका लक्ष्य प्रकृति में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध तत्वों के उचित इस्तेमाल से रोग का मूल कारण समाप्त करना है। इस दौरान 60 लोगों की जांच कर उपचार किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब के सचिव देवेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर सिटीजन फोरम के महासचिव विमल पांडेय, कलमा, डा. राजकुमार त्यागी, चंद्रजीत यादव, वेद प्रकाश आदि उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ने क्षय रोग की रोकथाम के लिए बढ़ाया कदम
महराजगंज: रोटरी क्लब ने क्षय रोग की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्लब के अध्यक्ष ठाकुर भरत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में अध्यक्ष सहित चार्टर अध्यक्ष विध्यवासिनी सिंह, सचिव देवेश कुमार पांडेय और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हरिकेश सिंह ने एक-एक बच्चे को गोद लेने का निर्णय लिया।
इस दौरान सतत पौधारोपण के लिए संस्थापक सचिव हमीदुल्लाह खान, उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, विजय सिंह, कोषाध्यक्ष आत्माराम गुप्त ने इस कार्यक्रम में बच्चों को जागरूक करने एवं विद्यालय को भी प्रेरित करने पर जोर दिया । जबकि मुंडेरा गांव में क्लब की तरफ से कैंप आयोजित करने के लिए रणनीति तैयार की गई। कोषाध्यक्ष आत्माराम गुप्त के लेख को रोटरी मैगजीन में प्रकाशित होने पर सभी ने हर्ष व्यक्त किया। नेत्र सर्जन डा. बीएन वर्मा ने नेत्र शिविर लगाकर मोतियाबिद के मरीजों का आपरेशन करने का सुझाव दिया। पूर्व सदर ब्लाक प्रमुख दिग्विजय सिंह ने रोटरी के कार्यों में एकजुट होकर साथ देने के लिए जनता की भी सहभागिता निश्चित करने की बात कही।
बैठक में निखिल टिबड़ेवाल, डा. हेमंत श्रीवास्तव, दशरथ गुप्ता, अनूप टिबड़ेवाल, सलीम खान, विनोद गुप्ता, दुर्गेश सिंह, आयुष प्रताप राव, शिवपाल सिंह यादव आदि लोग उपस्थित रहे।