विवाह-बंधन में बंधे विधायक अमन मणि
शहर के अर्चिड पैलेस होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली ओशिन पांडेय के साथ सात फेरे लिए
महराजगंज : पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र व महराजगंज जिले के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के निर्दल विधायक अमन मणि त्रिपाठी मंगलवार को दूसरी बार वैवाहिक बंधन में बंधे। शहर के अर्चिड पैलेस होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली ओशिन पांडेय के साथ सात फेरे लिए। कमल पांडेय की पुत्री ओशिन विधि स्नातक हैं। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए विवाह कार्यक्रम बेहद सादे माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केवल सगे संबंधियों व बेहद नजदीकी लोगों को ही आमंत्रित किया गया था। विधायक अमन मणि ने पहली शादी 2013 में परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ लखनऊ के अलीगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में सारा सिंह के साथ की थी। नौ जुलाई, 2015 को लखनऊ से दिल्ली जाते समय एक दुर्घटना में सारा सिंह की मौत हो गई थी। अमन मणि ने उसे महज सड़क हादसा बताया था, जबकि सारा के परिजनों ने अमन मणि पर हत्या का आरोप लगाया था। मामले की आज भी सीबीआइ जांच चल रही है। समारोह में विधायक के चाचा डॉ. अजीत मणि त्रिपाठी, गुडडू खान, सुधीर त्रिपाठी, निहाल इराकी, ओम प्रकाश चौधरी, झिनकू चौबे, अमन शुक्ला, शुभम पांडेय आदि मौजूद रहे।