इराक में फंसे हैं महराजगंज के युवा, वीडियो वायरल कर लगाई गुहार
-परतावल पनियरा व कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं 30 युवक - विदेश मंत्रालय व पीएम मोदी से लगाई वतन वापसी की गुहार
महराजगंज : नौकरी की तलाश में महराजगंज जिले से इराक गए युवा वहां रिफायनरी प्रोजेक्ट बंद होने से फंस गए हैं। इराक के कर्बला शहर में फंसे युवकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वतन वापसी की गुहार लगाई है।
इराक में फंसे महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली निवासी आशीष दुबे ने वीडियो के माध्यम से अपने और साथ में काम करने वाले साथियों के साथ होने वाली समस्या से भी अवगत कराया। आशीष दुबे ने बताया कि उनके अलावा पनियरा के रितेश गौतम पड़ोसी जिले कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुम्हाखोर के धर्मेंद्र सिंह, अशोक सिंह, सोनू सिंह, बिपिन सिंह, विश्राम सिंह, गोरखनाथ सिंह, राजन सिंह, श्री राम सिंह व इसी थाना क्षेत्र के कारीतीन निवासी राजेश सिंह व कोटवा निवासी अशोक शर्मा भी इराक में फंसे हैं। यह लोग भी भारत लौटना चाहते हैं। आशीष ने बताया कि लगभग आठ हजार भारतीय इराक में फंसे हैं।