छपवा टोलप्लाजा में लागू नहीं हुआ फास्टैग
अभी भी बड़ी संख्या में वाहनों पर फास्टैग नहीं लग सका है।
महराजगंज: गोरखपुर-सोनौली के छपवा टोल प्लाजा पर फास्टैग लागू होने का कोई बदलाव नहीं दिखाई दिया। पूर्व दिनों की भांति रविवार को भी वाहनों का टोल टैक्स काटा जा रहा था। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक के अनुसार 15 दिसंबर को सुबह आठ बजे से टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया। 75 फीसद लेन फास्टैग व 25 फीसद लेन कैश की है।
यदि बिना फास्टैग लगे वाहन फास्ट टैग लेन में जाएंगे तो उनसे दोगुना टैक्स वसूला जाएगा। जबकि कैश लेन में उन्हें निर्धारित टैक्स ही देना होगा। लेकिन वहां लंबी लाइन लगानी पड़ेगी। क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में वाहनों पर फास्टैग नहीं लग सका है। लेकिन छपवा टोल प्लाजा पर ऐसा कोई खास असर नहीं दिखाई दिया। रोजाना की तरह रविवार को भी वाहन टोल टैक्स कटवाकर जाते दिखे। टोल प्लाजा मैनेजर मुन्ना यादव ने बताया फास्टैग लागू होने की जानकारी है, लेकिन हमारे यहां कोई एनएचएआइ से पत्र नहीं आया है। व्यवस्था पूर्व जैसी ही संचालित हो रही है।