जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: डा. धर्मेंद्र
महराजगंज केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार किसान नौजवान गांव गरीब सबके हित में कार्य क
महराजगंज: केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार किसान, नौजवान, गांव, गरीब सबके हित में कार्य कर रही है। तमाम विकास की योजनाओं को संचालित कर लोगों के जीवन स्तर में सुधार किया जा रहा है। जबकि कई विपक्षी सरकार के प्रति भ्रामक प्रचार कर रहे है। इसलिए जरूरी है कि भाजपा का हर कार्यकर्ता जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाएं और उसका लाभ दिलाएं। यह बातें भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने निचलौल स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश तरक्की कर रहा है। सड़कें, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं सभी उपलब्ध कराई जा रही हैं। जो सड़कें आजादी के बाद से नहीं बन सकी थीं, उन्हें राज्य व राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा गया है। जिन गांवों में बिजली नही पहुंची थी, वहां विद्युतीकरण योजना के तहत बिजली पहुंचाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी के रीढ़ होते हैं, उनका हित सर्वोपरि है। किसी को कोई बात हो तो उन्हें अवगत कराएं। बैठक में पदाधिकारियों ने अपने प्रस्ताव व सुझाव दिए, जिस पर अमल करने की बात कही गई। इस दौरान विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, सदर जयमंगल कन्नौजिया, सिसवा प्रेमसागर पटेल, पूर्व विधायक अवनिद्र नाथ द्विवेदी, चौधरी शिवेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जनार्दन गुप्त, समीर त्रिपाठी, ऋषि त्रिपाठी, ओमप्रकाश पटेल , अजय श्रीवास्तव, दुर्गा अग्रहरि, कृष्णगोपाल जायसवाल, जितेंद्र पाल सिंह, धर्मनाथ खरवार व अशोक पांडेय आदि मौजूद रहे।