पत्नी ने पति के खिलाफ दर्ज कराया दुष्कर्म का मुकदमा
- आरोपित पति गिरफ्तार जांच में जुटी पुलिस -दोनों ने नवंबर 19 में किया था कोर्ट मैरेज
महराजगंज : थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने रविवार को अपने ही पति के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस आरोपित पति को गिरफ्तार कर जांच में जुट गई है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए तहरीर में लिखा है कि बीते कई वर्षों से उनका एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिस दौरान युवक शादी करने की बात कहकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। दोनों ने आपसी सहमति से बीते वर्ष नवंबर में कोर्ट जाकर शादी कर ली। उसके बाद दोनों घर छोड़कर नगर के एक वार्ड में किराये के मकान में रहने लगे। करीब एक सप्ताह पूर्व पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उसके बाद पति महिला के साथ मारपीट कर घर से फरार हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक बिहागड़ सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।