पगडंडी रास्ते भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहा चीनी नागरिक गिरफ्तार
नेपाल में वीजा समाप्त होने के बाद भारत में प्रवेश करने के फिराक में था चीनी नागरिक
महराजगंज: नेपाल से पगडंडी रास्ते भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक चीनी नागरिक को एसएसबी जवानों ने शनिवार की शाम को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी 22वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट संजय प्रसाद मय फोर्स गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बार्डर के पिलर संख्या 517 के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से नेपाल से भारत मे प्रवेश करता दिखाई दिया। जिसे जवानों ने दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शेन ली निवासी हूबेई चीन बताया है। चीनी नागरिक के पकड़े जाने के बाद सीमा पर तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ की। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि चीनी नागरिक दवा का व्यापारी है। उसके पास भारत में 11 सितंबर 2019 से नौ सितंबर 2020 तक का वैध वीजा है। वह 30 जनवरी 2020 को चीन से नई दिल्ली आया और आठ मार्च को दिल्ली से काठमांडू नेपाल चला गया। नेपाल में उसका टूरिस्ट वीजा छह जून को समाप्त हो गया। तब से वह भारत में प्रवेश करने की फिराक में था। चीनी नागरिक के खिलाफ धारा 420 व 14 विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।