किसानों को पराली प्रबंधन के लिए किया जागरूक
आठ किसानों को वितरित किया गया डी कंपोजर
महराजगंज: लक्ष्मीपुर ब्लाक के परसा पांडेय गांव में शुक्रवार को कृषि विभाग के तत्वावधान में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को जिला कृषि रक्षा अधिकारी हिमांचल सोनकर ने पराली प्रबंधन के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि पराली जलाने से हमें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई प्रकार की बीमारियों में पराली के धुएं का अहम रोल होता है। ऐसे में किसानों को इस बार पराली जलाने से रोकने के लिए सरकार भी लगी हुई है। कृषि विभाग किसानों को इसके लिए डीकंपोजर उपलब्ध करा रहा है। जिससे किसानों को अपने ही खेत में पराली सड़ाने में आसानी होगी। गोष्ठी में कुल आठ किसानों को डी कंपोजर भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तकनीकी सहायक मोहन प्रसाद ने किसानों को बीज शोधन, भूमि शोधन, मसूर की खेती आदि करने के बारे में जागरूक किया। अमित कुमार पांडेय, सुग्रीव प्रसाद आदि मौजूद रहे।