92.3 करोड़ से बनेंगे 1846 सामुदायिक शौचालय
प्रत्येक ग्राम पंचायत में होंगे महिला और पुरुष शौचालय
महराजगंज: स्वच्छ भारत मिशन और पंद्रहवें राज वित्त आयोग से जिले की सभी 923 ग्राम पंचायतों में 1846 सामुदायिक शौचालय बनेंगे। इसमें एक पुरुष और एक महिला शौचालय होगा। शासन द्वारा धनराशि जारी करने के बाद जिला पंचायत राज विभाग ने भूमि की तलाश तेज कर दी है।
प्रत्येक में कम से कम दो-दो सीट और तीन-तीन यूरिनल होंगे। शौचालय निर्माण पर पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सामुदायिक शौचालय परिसर का निर्माण आवश्यकतानुसार सीटों की समुचित संख्या, बच्चों के उपयोग हेतु अनुकूल शौचालय सीट, स्नानागार, हाथ धोने का स्थान आदि उपलब्ध रहेगा। शौचालय में एक सीट दिव्यांगों के अनुकूल निर्मित कराई जाएगी। विद्युत व्यवस्था एवं जल भंडारण हेतु ओवरहेड टैंक, बोरिग, हैंडपंप आदि की व्यवस्था भी रहेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी केबी वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायतों में भूमि की उपलब्धता के अनुसार सामुदायिक शौचालय का निर्माण होगा। प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में काफी संख्या में प्रवासी श्रमिक आए हैं। इसमें जो कुशल श्रमिक होंगे, उन्हें सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में प्राथमिकता दी जाएगी।
क्या है ट्विन पिट टायलेट
इन सामुदायिक शौचालयों ट्विन पिट होगा। सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए इसका निर्माण जरूरी है। इसमें दो गड्ढे बनाए जाते हैं, जिनकी गहराई तीन से पांच फीट तक होती है। दोनों गड्ढों के बीच एक चैंबर बनाया जाता है। इन गड्ढों में सॉलिड लिक्विड वेस्ट एक समय में नष्ट हो जाता है।