नेपाल से भारत पहुंचे 300 गोरखा सैनिक
नेपाल से अब तक भारत आ चुके हैं 1265 सैनिक
महराजगंज: नेपाल निवासी गोरखा सैनिकों की भारत वापसी का क्रम लगातार जारी है। सोमवार को 300 गोरखा सैनिक सोनौली के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश किए। सभी सैनिक लॉकडाउन के पूर्व भारतीय सेना से छुट्टी लेकर नेपाल स्थित अपने घर गए थे। भारत-नेपाल सीमा सील होने के कारण वह अपनी तैनाती स्थल नहीं पहुंच पा रहे थे। सीमा पर ढील मिलने के बाद इनकी भारत वापसी हो रही है। चीन से सीमा विवाद को देखते हुए गोरखा सैनिकों की भारत वापसी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नेपाल से आ रहे गोरखा सैनिकों की सहायता के लिए भारतीय सेना का हेल्प डेस्क सोनौली बार्डर पर स्थापित किया गया है। यहां मदद के लिए सेना के जवानों की तैनाती की गई है। हालांकि दोपहर 12 बजे से के बाद हेल्पडेस्क सेना से स्वयं हटा लिया। बीते 15 जून से अब तक नेपाल से 1265 गोरखा सैनिक भारत आ चुके हैं। सोमवार को सोनौली सीमा से 300 गोरखा सैनिकों ने भारत में प्रवेश किया। जहां बार्डर पर तैनात सेना के जवानों ने उनका फार्म भरा। इस दौरान सेना के जवानों की देखरेख में उन्हें बस डिपो तक पहुंचाया गया। सोनौली बस डिपो से सभी सैनिकों को विभिन्न सेंटरों के लिए रवाना कर दिया गया है।