नियम तोड़ने पर 70 दिन में 296 मुकदमे
1334 लोगों को किया जा चुका गिरफ्तार
महराजगंज: नियम तोड़ने के आरोप में महराजगंज पुलिस ने 70 दिनों में 296 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें अधिकांश लोगों को लॉकडाउन ब्रेक करने, बिना मास्क व बेवजह सड़क कर निकले और दुकानों में भीड़ लगाने का आरोप है। 1334 लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया है। बिना मास्क के सड़कों पर घूमने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी। जबकि वाहन चेकिग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस अब तक 531 वाहनों को सीज कर चुकी है। वहीं, 12281 वाहनों का चालान कर उनसे 16,33,050 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया है। इसी तरह ईसी एक्ट में सात व ब्लैक मार्केटिग में सात मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि नियम का पालन नहीं करने पर अभियान चलाकर कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया गया है। जरूरत पड़ने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। मुंह पर मास्क, रूमाल बांध ले ताकि संक्रमण को रोका जा सके। बिना मास्क के घूमने पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।