नेपाल में भूस्खलन से 18 लोगों की मौत, 41 लापता
नेशनल इमरजेंसी आपरेशन सेंटर के प्रमुख मुरारी अवस्थी ने बताया कि पोखरा शहर के सारंगकोट और हेमजान क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण तीन बच्चों सहित आठ लोगों की जान चली गई।
महराजगंज: भारी बारिश के चलते पश्चिमी नेपाल के विभिन्न हिस्सों में हुए भूस्खलन की वजह से 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेशनल इमरजेंसी आपरेशन सेंटर के प्रमुख मुरारी अवस्थी ने बताया कि पोखरा शहर के सारंगकोट और हेमजान क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण तीन बच्चों सहित आठ लोगों की जान चली गई। जबकि पांच लोग शुक्रवार को ही पोखरा में सारंगकोट इलाके में एक मकान में भूस्खलन के कारण दबकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसमें लगभग 10 लोग घायल हो गए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गुरुवार रात को भूस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में लामजुंग जिले के बीच शहर में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और रुक्म जिले के आथबिस्कॉट इलाके में दो अन्य लोगों की जान चली गई। जाजोरकोट जिले में भूस्खलन से दर्जनों घर बह जाने से 41 लोग लापता हो गए। मायागड़ी जिले में पहले से भूस्खलन से उनके घर के बह जाने के बाद सात लोग लापता हैं। इस बीच, जोगीमारा इलाके में हुए एक भूस्खलन ने पश्चिमी नेपाल में पृथ्वी राजमार्ग को बाधित कर दिया है। पिछले 48 घंटों से जारी बारिश के कारण नारायणी और देश की अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।