नेपाल में भूस्खलन से 11 की मौत, पांच लापता
नेपाल में दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए भूस्खलन से 11 लोगों की मौत हुई है जबकि पांच लोगों के लापता होने की सूचना है।
महराजगंज: नेपाल में दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए भूस्खलन से 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोगों के लापता होने की सूचना है।
गुल्मी जिला पुलिस कार्यालय के निरीक्षक रविद्र खड़का ने बताया कि जिले के लिमघा और थुलो लुंपेक इलाकों में सोमवार की रात भूस्खलन हुआ। जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। थुलो लुंपेक के भूस्खलन में कई घर ढह गए। दो मृतकों की पहचान दर्शन तारामु (सात ) और तिल कुमारी (31) के रूप में हुई है। इसी क्रम में लिमघा इलाके में भूस्खलन की चपेट में आए एक मकान में रह रहे सात लोगों की मौत हो गई। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि नगरपालिका चार में भूस्खलन होने से दलित बस्ती के तीन घरों को नुकसान पहुंचा है। मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हुई है। गुल्मी जिला के मुख्य जिला अधिकारी यदुनाथ पौडेल ने बताया कि भूस्खलन में पांच लोग अभी भी लापता हैं। नेपाल सेना के जवान मौके पर पहुंच कर हताहत लोगों को निकलाने के काम में जुटे हुए हैं।