बदमाशों ने घर में घुसकर युवक की मारी गोली, मौत जांच में जुटी पुलिस
बहराइच में शनिवार देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर मारी गोली मौके पर हुई मौत छानबीन में जुटी पुलिस।
बहराइच, जेएनएन। जिले में अपराध की घटना बढ़ती जा रही है। हाल यह है कि अपराधियों को पुलिस का खौफ भी नहीं रह गया है। ऐसा ही मामला शनिवार देर रात का है। कुछ अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।घटना को अंजाम देने के बाद हमला वर फरार हो गए। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
यह है मामला
घटना रिसिया थाना क्षेत्र की है। रिसिया जमाल निवासी राजेन्द्र भारती पुत्र मोती भारती अपनी पत्नी के साथ रात को घर में सोया हुआ था। करीब दो बजे रात को दो अज्ञात हमलावर घर में घुस आये और तमंचे से युवक के पेट पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पास में लेटी मृतक की पत्नी आंख खुली, लेकिन जब तक कुछ समझ पाती हमलावर फरार हो गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है। घटना को रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांव वाले भी घर के बाहर इकठ्ठा हो गए। पुलिस परिवारीजनों से आपसी रंजिश को लेकर भी पूछताछ कर रही है।