गड़ासे से गर्दन काटकर की थी सौतेली मां की हत्या, सगी मां के साथ बेटा भी गिरफ्तार
सौतेली मां की हत्या में सगी मां के साथ बेटा भी गिरफ्तार पुलिस ने किया अरेस्ट।
लखनऊ, जेएनएन। मड़ियांव के धतिंगरा गांव में सौतेली मां की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित बेटे आकाश को उसकी सगी मां रेखा के साथ गिरफ्तार किया है। आकाश ने अपनी मां रेखा के साथ मिलकर सौतेली मां अनीता की हत्या की योजना बनाई थी।
एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि रेखा को इस बात की आशंका थी कि अनिता उसके पति खुशीराम की सारी संपत्ति न हड़प जाए, इसीलिए अनिता की हत्या में बेटे की मदद की। इस मामले में आकाश के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया गया है। अभी खुशीराम की गिरफ्तारी होनी है। गौरतलब है कि मूलरूप से उन्नाव निवासी अनीता देवी (40) छह साल पहले अपने पहले पति राजू रावत को छोड़कर मड़ियांव के धतिंगरा गांव में रहने वाले खुशीराम के साथ रहने लगी थी।
खुशीराम ने भी करीब आठ साल पहले अपनी पहली पत्नी को छोड़ दिया था। खुशीराम की पहली पत्नी से उसके 2 लड़के आकाश (19) और विकास (16) हैं। पुलिस की मानें तो दोनों ने अपने पहले पति व पत्नी को छोड़ कर दूसरी शादी कर ली थी। खुशीराम का बड़ा बेटा आकाश अपनी सौतेली मां अनीता और उसके पिता के साथ संबंध को लेकर काफी समय से नाराज चल रहा था। शुक्रवार सुबह आकाश अनीता के घर पहुंचा और उसे अकेला देख गड़ासे से उसकी गर्दन काट दी और मौके से फरार हो गया।