सीतापुर:अवैध संबंधों के चलते हुई थी लापता युवक की हत्या, आरोपित दंपती गिरफ्तार
सीतापुर में युवक की हत्याकांड का राजफाश हुआ पति के साथ मिलकर की थी हत्या अारोपित गिरफ्तार।
सीतापुर, जेएनएन। रेउसा थाना क्षेत्र में लापता युवक का शव बरामद हो गया है। घटना का राजफाश करते हुए एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि युवक की हत्या अवैध संबंधों की वजह से हुई थी। हत्या में शामिल दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह है मामला
एएसपी ने बताया कि बजारपुरवा निवासी रामू 12 सितंबर को परिवार में बिना बताए घर से बाइक से निकल गया था। इसके बाद वह दोबारा घर नहीं लौटा। उधर उसकी पत्नी और घर के अन्य सदस्यों ने रामू की काफी खोजबीन की, पर उसका पता नहीं चल सका। फिर परेशान पत्नी आरती ने अपने 32 वर्षीय पति रामू के गायब होने के संबंध में 16 सितंबर को गुमशदगी दर्ज कराई थी। एएसपी उत्तरी ने बताया कि, प्रकरण की जांच में रामू के मोबाइल कॉल डिटेल से पता चला है कि एक महिला से उसकी फोन पर लगातार बातचीत चल रही थी। 12 सितंबर को आखिरी कॉल भी उसी महिला से बातचीत की थी। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया है कि उसने अपने पति के साथ मिलकर मायके में बुलाया था। फिर वहीं, इन दोनों ने रामू का गला दबाकर 12 सितंबर को ही हत्या कर दी थी। सीओ बिसवां सुशील कुमार सिंह ने बताया कि, हत्यारोपित दंपती ने पूछताछ में रामू को मारने की बात स्वीकार की है। उन्होंने ये भी बताया कि, रामू की हत्या का कारण महिला से अवैध संबंध बना है।
रामाधार के गन्ने के खेत में दफनाया था शव
सीओ बिसवां ने बताया, पुलिस की पूछताछ में आरोपित दंपती ने घटना कबूल कर बताया है कि उन लोगों ने रामू के शव को गांव के बाहर पूरब दिशा में रामधार यादव के गन्ने के खेत में दफना दिया था। दंपती की निशान देही पर पुलिस ने रामू के शव को गड्ढे से निकलवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शुरू की जेल भेजने की कार्रवाई
रेउसा थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मृतक रामू के माेबाइल काॅल डिटेल के आधार पर छानबीन हुई है। राजफाश होने के बाद आरोपित महिला व उसके पति को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।