प्रॉपर्टी के विवाद में युवक काे अगवा कर पीटा, फायरिंग कर भागे
मोहनलालगंज के बल सिंह खेड़ा की घटना, लूटपाट का आरोप। लेनदेन के विवाद हुई वारदात, मौके से कारतूस-खोखा बरामद।
लखनऊ, जेएनएन। मोहनलालगंज के बलसिंह खेड़ा गांव में बुधवार सुबह कार सवार कुछ लोगों ने सहजराम यादव के घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सहजराम के बेटे पवन को अगवा कर लिया और जमकर पिटाई के बाद कुछ दूर ले जाकर चलती गाड़ी से फेंककर भाग निकले। छानबीन में पुलिस को कारतूस व खोखा मिला है।
सहजराम के मुताबिक उन्होंने साढ़े चार बीघा जमीन का प्रापर्टी डीलर विपुल खेड़ा गोमतीनगर निवासी अनिल सिंह से 22 लाख रुपये में एग्रीमेंट किया था। आरोप है कि अनिल सिंह ने मंगलवार को रुपये वापस नहीं करने पर उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपित का भाई विपिन सिंह बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे तीन लग्जरी गाडिय़ों से पहुंचा। उसके साथ करीब 15 अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोपितों ने अचानक सहजराम और पवन पर हमला बोल दिया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। आरोपितों ने घर की महिलाओं से भी अभद्रता की। शोरगुल और फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे तो आरोपित पवन को कार से अगवा कर भाग निकले।
पीछा करने पर छोड़ा
ग्रामीणों ने कार से आरोपितों का पीछा किया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिवारीजन को पीछा करता देख आरोपितों ने पवन को कल्ली के पास सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। इसके बाद इंस्पेक्टर ने पवन को हरकंशगढ़ी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, पीडि़त परिवार का कहना है कि पवन का जब अस्पताल में इलाज चल रहा था तब हमलावर दोबारा गांव पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस गांव में पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है।