संदिग्ध परिस्थितियों में घर में पड़ा मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
सुलतानपुर में संदिग्ध परिस्थिति में मिला युवक का शव गांव के ही कुछ युवकों से शाम को हुआ था विवाद।
सुलतानपुर, जेएनएन। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के भदैया गांव में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव घर के भीतर पड़ा मिला। गांव के राम लाल यादव के बेटे सूरज यादव का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। वारदात की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
यह है मामला
परिवारजन के मुताबिक बुधवार की देर शाम सूरज का गांव के ही कुछ लड़कों के साथ विवाद हुआ था। मृतक के शरीर पर मामूली चोट के निशान मिले हैं। जिससे गला दबा कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। युवकों के बीच विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, गांव के ही कुछ युवक घर से गायब भी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सूरज बुधवार की देर रात घर से करीब 500 मीटर दूर अपने बाबा को भोजन देने गया हुआ था। वहां से यह घर लौट आया था। बाद में गांव के युवक उसे फिर लिवा ले गए थे। प्रभारी निरीक्षक वंशराज पांडेय ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में ले लिया गया है। परिवारीजन अभी तहरीर नहीं दिए हैं। तहरीर मिलते ही समुचित कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड को भी भेजा गया है। डॉग स्क्वायड भी घर से निकल कर गलियों और फिर बाद में हाईवे की जांच पड़ताल की है।