Murder in Gonda: चुनावी रंजिश में युवक को लाठियों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, प्रधान के पुत्र समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
चुनावी रंजिश में दबंगों ने एक व्यक्ति पर लाठियों से हमला कर दिया। मरणासन्न अवस्था में छोड़कर दबंग भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रधान पुत्र समेत पांच पर किया मुकदमा।
गोंडा, संवाद सूत्र। जिले में एक व्यक्ति की लाठियों से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि चुनावी रंजिश में दबंगों ने एक व्यक्ति पर लाठियों से हमला कर दिया। इसके बाद उसे मरणासन्न अवस्था में छोड़कर दबंग भाग निकले। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पूरे मामले में प्रधान के पुत्र समेत पांच लोगों पर एफआइआर दर्ज कर ली है।
यह है मामला: बताया जाता है कि परसपुर के ग्राम विशुनपुर कला के रुपीपुरवा दक्षिणी निवासी शिवकुमार मिश्र शुक्रवार की सुबह दस बजे बाइक से बच्चों को स्कूल छोडकर वापस लौट रहा था। रास्ते में गांधी ग्राम चौराहा के पास चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान के तीन पुत्रों ने अपने दो अन्य समर्थकों के साथ घेराबंदी की। जब तक शिवकुमार कुछ समझ पाता तब तक उसके ऊपर ताबड़तोड़ लाठियों से हमला कर मरणासन्न कर दिया। घरवाले घायल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रधान के बेटे प्रदीप सिंह, अजय सिंह, जितेंद्र प्रताप सिंह, दीनानाथ पाठक व सत्य नरायन सिंह के खिलाफ मुकदमा किया है। थानाध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रथम दृष्टया घटना का कारण चुनावी रंजिश माना जा रहा है।
परिवारजन का रो-रोकर हाल बेहाल: मृतक शिवकुमार मिश्र के पिता राजाराम व मां सुशीला का रो-रोकर हाल बेहाल है। राजाराम ने बताया कि शिवकुमार के पवन, मनोज व राकेश बेटे हैं। मृतक की पत्नी व बेटों का हाल बेहाल है। वह रोए जा रहे हैं। उन्हें रिश्तेदार व ग्रामीण समझा रहे हैं, लेकिन कोई असर नहीं हो रहा है। गांव में भी मातम पसरा है। घटना को लेकर लोगों में रोष है।