रायबरेली में कथित प्रेमिका के घर पर लटका मिला किशोर का शव
रायबरेली के गुरुबक्शगंज थानाक्षेत्र के पूरे दुनियांपत का पुरवा मजरे कोरिहर गांव का मामला। 7 नवंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था लेकिन किशोरी और उसकी मां ने उसे बचा लिया था। बीते गुरुवार को प्रेमिका के घर पहुंचकर लगा ली फांसी।
रायबरेली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर का शव कथित प्रेमिका के घर पर फंदे पर लटकता पाया गया। पुलिस, फारेंसिक टीम और सीओ लालगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये है पूरा मामला
मामला गुरुबक्शगंज थानाक्षेत्र के पूरे दुनियांपत का पुरवा मजरे कोरिहर गांव का है। यहां के निवासी रामबहादुर के बेटे शुभम (17 ) का गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोर शादी करने का दबाव बना रहा था, मना करने पर 7 नवंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन किशोरी और उसकी मां ने उसे बचा लिया था। उक्त घटना के बाद दोनों परिवारों के मध्य गांव में ही सुलह समझौता हो गया था और शुभम को उसके ननिहाल भेज दिया गया था। गुरुवार की दोपहर वह वापस आया था। रात में प्रेमिका के घर गया और कमरे की छ्त से लगे हुक से फंदा बनाकर फांसी पर झूल गया। सुबह किशोरी के पिता ने जब शुभम का शव देखा तो उसके परिवारजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गुरुबक्शगंज थाना पुलिस, फारेंसिकटीम और सीओ लालगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसओ संतोष कुमारी सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।