UP: महिला अपराधों पर एक्शन में योगी सरकार, 1388 संगीन घटनाओं में आरोपितों को मिली सजा
उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई व प्रभावी पैरवी के परिणाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने महिलाओं व बच्चियों के साथ हुई 1388 संगीन घटनाओं में आरोपितों को सजा दिलाने में कामयाबी हासिल की है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार की तरह महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोरी टॉलरेंस की नीति का असर अब दिखाई देने लगा है। ऐसे अपराधियों को कोर्ट से सजा कराकर जेल भेजा जा रहा है। बीते एक साल में महिलाओं और बच्चों के साथ हुए अपराधों के खिलाफ 1388 संगीन मामलों से जुड़े आरोपितों को सजा दिलवाई गई है। कोरोना और लॉकडाउन के दौरान भी अपराधियों के खिलाफ सख्य कार्रवाई की गई है।
उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई व प्रभावी पैरवी के परिणाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने महिलाओं व बच्चियों के साथ हुई 1388 संगीन घटनाओं में आरोपितों को सजा दिलाने में कामयाबी हासिल की है। आरोपितों के विरुद्ध पैरवी में अभियोजन मुख्यालय की मॉनीटरिंग भी अहम रही है।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि अभियोजन विभाग की पैरवी के चलते पिछले एक साल में महिलाओं व बच्चों के साथ हुए 1388 मामलों में आरोपितों को सजा दिलाई गई। उन्होंने बताया कि इनमें कोरोना संक्रमण की जंग के दौरान भी 462 मामलों में आरोपितों को सजा दिलाई गई। उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर से शुरू हो रहे 'मिशन शक्ति' के दौरान भी अभियोजन विभाग महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाले मामलों में विशेष पैरवी की भूमिका तय की गई है।