गूगल ट्रेंड में टॉप पर योगी, उत्तर प्रदेश में पहले अखिलेश फिर मायावती
गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किये जाने वाले मुख्यमंत्रियों में योगी आदित्यनाथ का रिकार्ड बना है। देश भर में वह सबसे ज्यादा सर्च किये गये।
लखनऊ (जेएनएन)। गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किये जाने वाले मुख्यमंत्रियों में योगी आदित्यनाथ का रिकार्ड बना है। देश भर में वह सबसे ज्यादा सर्च किये गये। भाजपा शासित ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी उन्होंने पीछे छोड़ दिया है। गूगल ट्रेंड में योगी सबसे टॉप पर हैं जबकि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दूसरे स्थान पर हैं। उप्र में योगी के बाद सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और फिर बसपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का नंबर है।
गूगल सर्च का ब्योरा भी सोशल ग्रुप जारी
मुख्यमंत्री के सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने योगी की इन उपलब्धियों का गूगल सर्च का ब्योरा भी सोशल ग्रुप पर जारी किया है। उप्र में सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी गूगल सर्च में क्रमश: योगी से पीछे हैं। योगी पिछले साल मार्च में मुख्यमंत्री बने लेकिन, कई बार मुख्यमंत्री बन चुके मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, गोवा के मनोहर पर्रिकर, बिहार के नीतीश कुमार भी योगी से पीछे हैं।
चुनावों में योगी की मांग बढ़ी
मार्च, 2017 में उप्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद योगी की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। वह देश भर में सभी चुनावी राज्यों में भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में गए। हिंदुत्व के ब्रांड के रूप में योगी की पहचान लगातार बढ़ी है। पांच राज्यों में होने जा रहे चुनावों में भी योगी की मांग बढ़ी है। गत दिवस योगी छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री रमन सिंह के नामांकन में गये थे। रमन सिंह ने योगी का पैर छूकर आशीर्वाद लिया तो एक बार फिर देश-दुनिया की निगाह योगी की ओर गई।